छत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईब्रेकिंग न्यूज़

BSP स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा! भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार गिरफ्तार, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

करोड़ों के लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्क्रैप नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद।

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष एवं स्क्रैप कारोबारी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, भाजपा ने भी तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि भास्कर मुदलियार चोरी किए गए लौह स्क्रैप की खरीद और उसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का अहम हिस्सा था। आरोप है कि वह स्क्रैप कारोबार की आड़ में बीएसपी से चोरी हुआ लोहा खरीदकर विभिन्न कंपनियों तक पहुंचाने का काम करता था।

जांच के दौरान हथखोज स्थित गोदाम से बरामद चोरी के स्क्रैप के साथ आरोपी का ट्रक भी मिला था। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और आकाश ने पूछताछ में भास्कर मुदलियार की भूमिका का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसके निवास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी का स्क्रैप 34 से 38 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदता था। शुरुआती दौर में चोरी का माल अलग-अलग कबाड़ियों के माध्यम से बेचा जाता था, लेकिन बाद में बड़ी मात्रा में पूरा स्क्रैप सीधे उसके पास पहुंचने लगा।

जांच में जामुल स्थित उसकी स्क्रैप ट्रेडिंग कंपनी और गोदाम की भी जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि यहां से चोरी का स्क्रैप रायपुर की एक बड़ी कंपनी सहित अन्य स्थानों तक भेजा गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क का संबंध दूसरे राज्यों से तो नहीं है।

इस मामले में अब तक 17 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए भास्कर मुदलियार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया।

Related Articles

Back to top button