अपराधछत्तीसगढ़रायगढ़

भाजपा पार्षद पर फरसे से हमला

युवकों के बीच हो रहे मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे थे

रायगढ़। रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में भाजपा पार्षद पर धारदार फरसे से हमला कर दिया गया। वार्ड नंबर 36 के पार्षद विजय चौहान मटन मार्केट के पास मारपीट कर रहे युवक को समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी कमल सारथी ने गाली-गलौज करते हुए फरसे से पार्षद पर हमला कर दिया। हमले में विजय चौहान के सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, विजय चौहान मीना बाजार की ओर से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। पुराना बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास उन्होंने देखा कि कमल सारथी एक युवक से मारपीट कर रहा था। पार्षद ने बीच-बचाव करते हुए कमल को मारपीट करने से रोका और कहा कि युवक शराब के नशे में है, उससे मारपीट न करे। पार्षद की समझाइश के बाद कमल सारथी आक्रोशित हो गया। वह फरसा लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए विजय चौहान पर हमला कर दिया। आरोपी ने लगातार वार किए, जिससे पार्षद घायल हो गए और खून बहने लगा। घटना के बाद विजय चौहान जूटमिल थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराना बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट और आसपास के इलाके में रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। शराब के नशे में मारपीट की घटनाएं अक्सर होती हैं। चोरी और नशे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। लोगों के मुताबिक सावित्री नगर शराब भट्टी क्षेत्र में भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button