हिन्द नगर के बड़े तालाब में तैरती मिली युवक की लाश

भिलाई। नेवई थाना अंतर्गत रिसाली के हिन्द नगर स्थित बड़ा तालाब में एक लाश तैरती हुई दिखी जिसे बाहर निकाला गया। मृतक की सजा
शिनाख्त गुमान पटेल, पिता सुखचैन पटेल, हिंद नगर, सड़क पांच, रिसाली, भिलाई के रूप में हुई।
मृतक के पिता सुखचैन पटेल ने बताया कि, मृतक गुमान पटेल,उम्र 43 वर्ष उनका बड़ा पुत्र है। और वह विवाहित है तथा उसके दो पुत्र हैं। मृतक ठेकेदारी में पेंटिंग का कार्य करता था। घर से वह दिनांक 15 सितंबर दिन मंगलवार की शाम 4 बजे से लापता था, जिसे परिवार और पड़ोसियों ने काफी खोजबीन किया किंतु उसका पता नहीं चला। 16 सितंबर दिन बुधवार को दोपहर लगभग 2 बजे घर के पास स्थित बड़ा तालाब में छानबीन करने पर मृतक की लाश दिखाई दी जिसे उसके बड़े पुत्र नीलकमल ने तालाब में उतरकर उसे बाहर निकाला और तत्काल पार्षद शैलेन्द्र कुमार साहू के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना नेवई के प्रभारी अनिल कुमार साहू अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक को तालाब से बाहर निकलवा कर पांच गवाहों के समक्ष उसका पंचनामा करवाया।
पंचनामा में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले जिससे प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक की पानी में डूबने की वजह से मृत्यु हुई है।

प्रश्न ये उठता है कि, मृतक तालाब तक कैसे पहुंचा, और वह कैसे डूबा? यह जांच का विषय है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह मृतक की लाश मिली वह क्षेत्र मदिरा प्रेमियों का विशेष अड्डा रहा है, जहां शाम होते ही आसपास के मदिरा प्रेमी पेड़ों के झुरमुट के बीच अंधेरे का लाभ उठाकर वहां बड़े मजे से शराब का सेवन करते रहते हैं। लोगों का कहना है कि मृतक शराब पीने का आदी था तो हो सकता है कि वह शराब पीने वहां गया हो और नशे की हालत में तालाब में डूब गया हो! मृतक तालाब तक कैसे पहुंचा, और वह कैसे डूबा? मृतक वहां अकेला गया था या किसी अन्य लोगों के साथ था? यह पुलिस के लिए जांच का विषय है।
फिलहाल पुलिस ने पंचनामा पश्चात मृतक की लाश को पोस्टमार्टम हेतु रवाना किया है। जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिलती तब तक मृत्यु का सही कारण बता पाना मुश्किल है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।



