छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़रायपुर

नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ

लोक भवन में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हजारों युवाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान की शुरुआत करते हुए देशभर के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करेंगे।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश की युवा शक्ति नशे से मुक्त, जागरूक और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होगी। उन्होंने सभी युवाओं से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

2 अगस्त 2026 से शुरू हुआ यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैलियां, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन और सोशल मीडिया अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button