
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र की जनता को जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के माध्यम से उपलब्ध कराई गई निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में चालक को चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के लिए शुरुआती उपचार के क्षण सबसे महत्वपूर्ण होते हैं और समय पर अस्पताल पहुंचने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

धरसींवा ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए DMF से 19.65 लाख रुपये की लागत से यह आधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से यह 24 घंटे आम नागरिकों की सेवा में उपलब्ध रहेगी।



