रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का भव्य सम्मान, मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति की घोषणा
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी का मुख्यमंत्री निवास में हुआ सम्मान।

रायपुर। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए यह साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं और पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन कर सकें।



