
उज्जैन। चक्रतीर्थ श्मशान घाट में जलती चिता से मांस निकालकर खाने वाली किन्नर अघोरी पर पुलिस ने कार्रवाई की है। उज्जैन पुलिस ने किन्नर अघोरी काली को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले वह इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्टकर बुराई करने वाले लोगों को खत्म करने की धमकी दे रही थी।

दरअसल, इस मामले में 30 अगस्त को फरियादी विष्णुनाथ ने जीवाजीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसमें कहा था कि आरोपी काली उर्फ नंदीगिरी ने जलते शवों के साथ अमानवीय कृत्य करते हुए वीडियो बनाया है। उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर वायरल किया।
इस कृत्य से मानव शव की अवहेलना होने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद उज्जैन के जीवाजीगंज थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
साथ ही किन्नर अघोरी काली को गिरफ्तार कर लिया है। वह खुद को श्मशान वासी बताती थी।




