Gen Z उड़ान योजना: वैशाली नगर के युवाओं के लिए विधायक रिकेश सेन की 16 बड़ी सौगात
मुफ्त कोचिंग, नौकरी, वाई-फाई और मेडिकल सुविधा

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विधायक रिकेश सेन ने “Gen Z उड़ान योजना” की शुरुआत की है। इस योजना के तहत युवाओं और विद्यार्थियों के लिए कुल 16 जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए 10 अगस्त से लोकांगन, वैशाली नगर में पंजीयन (Registration) शुरू होगा।

युवाओं को मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
योजना के तहत युवाओं को निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस, जन्मदिन पर मूवी टिकट, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए फ्री वाई-फाई, तथा 12वीं पास युवाओं को निजी क्षेत्र में ₹10,000 प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा और करियर पर विशेष फोकस
बीए, बीकॉम और बीएससी के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। कंप्यूटर सीखने के इच्छुक युवाओं के लिए फ्री कंप्यूटर ट्रेनिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जन्मदिन और त्योहार पर भी मिलेगा लाभ
योजना के तहत जन्मदिन पर 5 लीटर पेट्रोल, केक और विशेष उपहार देने की पहल की गई है। दीपावली पर बच्चों के लिए विशेष गिफ्ट का भी प्रावधान रखा गया है।
कोटा में हॉस्टल और धार्मिक यात्रा सुविधा
राजस्थान के कोटा में कोचिंग करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पात्र युवाओं को देश के किसी भी धार्मिक स्थल की यात्रा के लिए एक तरफ का ट्रेन किराया भी दिया जाएगा।

रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं भी शामिल
योजना में वर्ष में तीन रोजगार कैंप, ऑफर कार्ड के माध्यम से दैनिक जरूरत के सामान पर विशेष छूट, मेडिकल कार्ड के जरिए निजी अस्पतालों में ₹20,000 तक की छूट, निःशुल्क एक्स-रे, सोनोग्राफी, डायलिसिस और फ्री पावर का चश्मा जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
डिजिटल साक्षरता अभियान
विधायक रिकेश सेन के जन्मदिवस के अवसर पर 30 से 60 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुषों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर साक्षरता प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा, ताकि नागरिक डिजिटल सेवाओं का बेहतर उपयोग कर सकें।



