दुर्ग पुलिस का तड़के बड़ा एक्शन, घर-घर चला सत्यापन अभियान
100 से अधिक पुलिसकर्मियों की कार्रवाई, 7 वारंटी गिरफ्तार, संदिग्धों और वाहनों की हुई सघन जांच

दुर्ग। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के विशेष सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने थाना छावनी एवं मोहन नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर जांच की।

अभियान के दौरान किरायेदारों का पुलिस सत्यापन, आधार कार्ड एवं अन्य पहचान दस्तावेजों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थ, शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी पड़ताल की गई।
कार्रवाई के दौरान 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों एवं घरेलू कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



