छत्तीसगढ़स्वास्थ्य

बस्तर में तेजी से फैल रहा आई फ्लू, एक महीने में 600 से ज्यादा मरीज

मानसून में बढ़ा कंजंक्टिवाइटिस का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बस्तर। मानसून के साथ बस्तर जिले में आई फ्लू (कंजंक्टिवाइटिस) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले एक महीने में जिले में 600 से अधिक लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जिला अस्पताल महारानी और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

सीएमएचओ डॉ. संजय बासक ने बताया कि बारिश के मौसम में बढ़ी नमी और गंदगी के कारण आंखों का वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लापरवाही संक्रमण को और बढ़ा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी बीएमओ और नेत्र रोग विशेषज्ञों को मरीजों की काउंसलिंग, समय पर इलाज और बचाव संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

डॉक्टरों के अनुसार आई फ्लू के सामान्य लक्षणों में आंख लाल होना, पानी आना, खुजली, जलन और सूजन शामिल हैं। समय पर उपचार मिलने पर यह संक्रमण सामान्यतः 7 से 15 दिनों में ठीक हो जाता है। लोगों को सलाह दी गई है कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्रॉप या दवा का उपयोग न करें और घरेलू उपचार से बचें।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से हाथों की साफ-सफाई रखने, आंखों को बार-बार न छूने, संक्रमित व्यक्ति का तौलिया, रूमाल या आई ड्रॉप साझा न करने तथा संक्रमण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button