अपराधछत्तीसगढ़

जिला जेल से 4 बंदी दीवार फांदकर हुए फरार

महासमुंद। जिला जेल महासमुंद की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। बंदियों ने कंबल का इस्तेमाल कर फंदा बनाया और जेल की दीवार फांदकर भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश के लिए पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गया है।

जानकारी के अनुसार, फरार हुए चार बंदियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का रहने वाला है। चारों अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद थे। इनमें तीन बंदी गांजा तस्करी और एक बंदी चोरी के मामले में आरोपी था।

बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के करीब चार बजे बंदियों ने जेल से भागने की योजना को अंजाम दिया। इसके लिए उन्होंने कंबलों को आपस में बांधकर फंदे जैसा बनाया और उसके सहारे जेल की दीवार तक पहुंचे। इसके बाद दीवार फांदकर बाहर निकलने लगे। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहा पांचवा बंदी दीवार से वापस नीचे गिर गया। जबकि, चार बंदी भाग निकले।

 

घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जेल परिसर में इतनी बड़ी घटना कैसे हुई और बंदियों को भागने का मौका कैसे मिला, इसे लेकर जांच की जा रही है।
फिलहाल फरार बंदियों की पहचान, उनके भागने के तरीके और घटना के दौरान सुरक्षा में हुई चूक की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।


 

Related Articles

Back to top button