कोढ़ीखाना में जिला प्रशासन ने 22 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के नंदई-बसंतपुर क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 एकड़ शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया है। बसंतपुर स्थित कोढ़ीखाना क्षेत्र में लंबे समय से भूमि पर बने अनधिकृत भवनों और अन्य संरचनाओं को राजस्व विभाग, नगर निगम एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब इस बेशकीमती भूमि का उपयोग जनहित और शासकीय कार्यों के लिए किए जाने की तैयारी है।

एसडीएम और तहसीलदार की मौजूदगी में कार्रवाई की शुरुआत हुई। जेसीबी के साथ पहुंची टीम ने पहले पुराने और जर्जर स्ट्रक्चर को ढहाया। इसके बाद 23 एकड़ परिसर में किए गए निर्माण कार्यों पर भी बुलडोजर कार्रवाई जारी है। कलेक्टर ने बीते सप्ताह ही मिशनरी संस्था को जारी की गई 43 साल पुरानी लीज को रद्द कर दिया था। 7 दिन के भीतर प्रशासनिक कब्जे के लिए तहसीलदार को निर्देश जारी किया गया। इसके बाद शनिवार से प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। परिसर में 20 से अधिक सालों पुराने आवास व भवन मौजूद हैं। जिनका फिलहाल कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा था। जिसे प्राथमिकता के तौर पर हटाया गया। इसके बाद शेष हिस्सों में हुए नए निर्माणों को भी ढहाया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण की भी जांच की जाएगी।
राजगामी संपदा न्यास की जमीन को संस्था को लीज में दी गई थी। इसके अलावा जिले में कई ऐसी जमीन है, जिन्हें अलग-अलग कार्यों के लिए लीज पर दी गई है। लेकिन सालों से इन जमीनों की स्थिति और चल रहे कार्यों का आडिट नहीं किया गया है। यही वजह है कि सेवा या सुविधा के नाम पर ली गई जमीनों का व्यावसायिक इस्तेमाल शुरू हो गया है।
जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि का उपयोग भविष्य में विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए किया जाएगा। वहीं नगर पालिक निगम द्वारा इस भूमि के बेहतर उपयोग को लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित योजना के तहत यहां खेल मैदान सहित अन्य जनहित से जुड़े कार्य विकसित किए जाने पर विचार किया जा रहा है।



