बीएसपी आवास मामले में ऐतिहासिक राहत पर आभार
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की भेंट

भिलाईनगर। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के आवासों को लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और शासन द्वारा दी गई ऐतिहासिक राहत पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान भिलाई स्टील प्लांट के ‘सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ’ एवं ‘थर्ड पार्टी कल्याण संघ’ के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने जनहितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।

भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के अंतर्गत निवासरत पूर्व कार्मिकों तथा थर्ड पार्टी आवास धारकों के सामने आवास नवीनीकरण एवं नियमितीकरण को लेकर लंबे समय से गंभीर अनिश्चितता बनी हुई थी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय एवं सांसद विजय बघेल के निरंतर प्रयासों तथा राज्य शासन की संवेदनशीलता के परिणामस्वरूप इस समस्या का सुगम एवं न्यायसंगत समाधान संभव हो सका है।

प्रतिनिधिमंडल ने इस ऐतिहासिक राहत को पूर्व कार्मिकों एवं आवास धारकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री के प्रति आभार व्यक्त किया।



