जल जीवन मिशन के ठेकेदार बकाया भुगतान के लिए कटोरा लेकर सड़क पर उतरे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के भुगतान को लेकर चल रहा विवाद अब सड़कों पर आ गया है। आज प्रदेश भर के ठेकेदारों ने राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। अर्धनग्न अवस्था में, हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगते हुए ठेकेदारों ने सरकार से अपने हक का पैसा मांगा। ठेकेदारों का आरोप है कि उनके द्वारा किए गए कामों का लगभग 5,000 करोड़ रुपये का भुगतान महीनों से अटका हुआ है।

प्रदेश के कोने-कोने से आए सैकड़ों ठेकेदारों ने राजीव गांधी चौक पर बड़ा पंडाल लगाया। प्रदर्शन के दौरान कुछ ठेकेदार चड्डी-बनियान में नजर आए तो कुछ ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की। सड़क पर चल रहे राहगीरों से कटोरा फैलाकर भीख मांगने का सांकेतिक प्रदर्शन किया गया, जिसका उद्देश्य सरकार तक अपनी बदहाली की आवाज पहुंचाना था।

इस आंदोलन ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जब नल-जल योजना के तहत गांव-गांव में पानी पहुंचाने की बात होती है, तो सरकार इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताती है। लेकिन उसी योजना को जमीन पर उतारने वाले ठेकेदार आज अपने ही भुगतान के लिए दर-दर भटक रहे हैं। ठेकेदारों का कहना है, हमने सरकार पर भरोसा कर अपनी जीवनभर की पूंजी लगा दी, बैंकों से करोड़ों का कर्ज लिया, महंगे दामों पर सामग्री खरीदी और मजदूर लगाए। अब भुगतान नहीं मिलने से हम कर्ज और ब्याज के दलदल में फंस गए हैं।
ठेकेदार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। शुक्ला ने कहा कि हम कोई खैरात नहीं मांग रहे, हमने जो काम किया है, उसी का पैसा मांग रहे हैं। हमने कई बार विभाग को ज्ञापन दिया, मंत्रियों और अफसरों से मिले, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला, पैसा नहीं। यह प्रदर्शन हमारे स्वाभिमान और अस्तित्व को बचाने की लड़ाई है।

ठेकेदारों के अनुसार, भुगतान में देरी का असर सिर्फ उन तक सीमित नहीं है। इससे जुड़े हजारों मजदूर, सीमेंट-सरिया सप्लायर और छोटे ट्रांसपोर्टर भी प्रभावित हो रहे हैं। समय पर बैंक की किस्त नहीं चुका पाने से कई ठेकेदार डिफॉल्टर होने की कगार पर हैं।

ठेकेदारों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ही भुगतान की समयसीमा तय नहीं की गई तो वे प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे और काम बंद कर देंगे। अब गेंद सरकार के पाले में है कि वह बकाया राशि का सच सार्वजनिक करे और भुगतान का रोडमैप बताए।



