अपराधछत्तीसगढ़बिलासपुर

3 साल की पोती को बचाने गई दादी की चाकू मारकर हत्या

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी युवक को रोकना उसकी दादी को भारी पड़ गया। आरोपी ने महिला पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान राजकुमारी यादव (56 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा की है। 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे तीन साल की बच्ची अपने घर में खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव की नजर जब आरोपी पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी हिंसक हो गया।

बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने आरोपी को रोकते हुए अपनी पोती को बचाने की कोशिश की। इससे नाराज आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से महिला पर लगातार वार कर दिए। चाकू के हमले से राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल राजकुमारी यादव को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान राजकुमारी यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोती को बचाने के प्रयास में दादी की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रशांत शुक्ला का पीड़ित परिवार से पहले भी विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि राजकुमारी यादव का परिवार मजदूरी करके जीवनयापन करता है। आरोपी उनके पड़ोस में रहता है और किसी न किसी बात को लेकर परिवार से विवाद करता था।

पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपी तीन साल की बच्ची को जान से मारने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच पुलिस कर रही है। आरोपी की तलाश करते हुए पुलिस ने प्रशांत शुक्ला (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button