छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़विविध समाचार

लगातार बारिश से लाटाबोड़-गुंडरदेही के बीच इरागुड़ा के पास रेलवे ट्रैक धंसा

बालोद। बालोद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, पिछले 36 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने रेल परिचालन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड पर लाटाबोड़-गुंडरदेही के बीच इरागुड़ा के पास भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक धंस गया। ट्रैक पर जलभराव और धंसाव की स्थिति सामने आने के बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया।

कॉशन ऑर्डर के बाद सावधानी से रवाना किया गया
मिली जानकारी के मुताबिक, गुंडरदेही रेलवे स्टेशन पर दुर्ग-दल्लीराजहरा डीडीएम पैसेंजर ट्रेन को करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। ट्रेन संख्या 78817 को सुबह 3.35 बजे सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया था। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू किया। करीब 6.40 बजे कॉशन ऑर्डर जारी होने के बाद ट्रेन को दल्लीराजहरा के लिए रवाना किया गया, लेकिन ट्रैक के प्रभावित हिस्से से ट्रेन को बेहद सावधानी के साथ गुजारा गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ट्रैक का निरीक्षण किया।

इंजीनियरिंग विभाग की टीम लगातार ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम भी मौके पर तैनात है। फिलहाल, रेलवे प्रशासन की नजर ट्रैक की स्थिति पर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button