छत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईब्रेकिंग न्यूज़विविध समाचार

दुर्ग जिले के चंदनीडीह में नेशनल हाईवे पर जलभराव, यातायात प्रभावित

भिलाई। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर जलभराव के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। स्थिति को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर भारी वाहनों और आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। पुलिस ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचने और निर्धारित डायवर्जन का इस्तेमाल करने की अपील की है. जलभराव के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते बताए हैं। पुलिस ने खास तौर पर भारी वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

राजनांदगांव की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर जाने की सलाह दी गई है। वहीं बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी तरह ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई और नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होते हुए रायपुर जाने की सलाह दी गई है। वहीं भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग सुझाया गया है।

दुर्ग यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और पुलिस द्वारा किए गए डायवर्जन का पालन करें। प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की भी अपील की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा सके।

 

फिलहाल चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित है। ऐसे में रायपुर जाने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करना जरूरी है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों का पालन करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button