छत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

साइबर सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, साइबर सेल भिलाई और संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के बीच MOU

छात्रों और शिक्षकों को साइबर कानून, डेटा प्राइवेसी और डिजिटल सुरक्षा का मिलेगा प्रशिक्षण

भिलाई। डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाने और युवाओं में साइबर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइबर सेल भिलाई और संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (SRGI) के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, साइबर कानून, डेटा प्राइवेसी और डिजिटल एथिक्स से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

MOU पर साइबर सेल भिलाई की ओर से IPS विजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक दुर्ग तथा संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की ओर से चेयरमैन संजय रूंगटा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. साकेत रूंगटा भी उपस्थित रहे।

वर्कशॉप, सेमिनार और वेबिनार होंगे आयोजित

समझौते के तहत छात्रों और फैकल्टी के लिए नियमित रूप से वर्कशॉप, सेमिनार और वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। साइबर सेल के अधिकारियों और रूंगटा कॉलेज के फैकल्टी द्वारा साइबर कानून, डेटा प्राइवेसी और डिजिटल एथिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर खतरों की पहचान, साइबर अपराध की रिपोर्टिंग प्रक्रिया और सुरक्षित डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए डेमो क्लासेज भी आयोजित की जाएंगी।

साइबर जागरूकता अभियानों में शामिल होंगे विद्यार्थी

MOU के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा अभियानों, प्रतियोगिताओं और जागरूकता ड्राइव में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं में साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

साइबर सेल के अधिकारी और रूंगटा कॉलेज के फैकल्टी केस स्टडी, रिपोर्ट और शोध प्रकाशन से जुड़े कार्यों में भी संयुक्त रूप से सहयोग करेंगे।

 

इस अवसर पर SRGI के चेयरमैन संजय रूंगटा ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि साइबर सेल के साथ मिलकर संस्थान साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता की सोच विकसित करने की दिशा में काम करेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों को सुरक्षित और आत्मविश्वासी डिजिटल भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button