जन्म प्रमाणपत्र के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
तीन साल से जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटक रहा

सक्ती। सक्ती जिले से बड़ी खबर सामने आई है जहां दो बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से परेशान एक पिता अब परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया है। मामला भोथिया तहसील कार्यालय का है। आमापाली गांव निवासी संतोष पटेल ने प्रशासन पर समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाते हुए तहसील कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू की है।
संतोष पटेल ने बताया कि, उनके दो बच्चों गुड़विंदन पटेल और दुर्गा पटेल के जन्म पंजीयन एवं जन्म प्रमाण पत्र के लिए करीब तीन वर्ष पहले ग्राम पंचायत आमापाली में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किया गया था। गुड़विंदन पटेल की जन्म तिथि 12 अक्टूबर 2021 और दुर्गा पटेल की जन्म तिथि 15 नवंबर 2022 है।

संतोष पटेल का कहना है कि, आवेदन के बावजूद अब तक दोनों बच्चों का जन्म पंजीयन और जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।

इस संबंध में उन्होंने पूर्व में कलेक्टर जनदर्शन में भी शिकायत आवेदन देकर प्रशासन को अपनी समस्या से अवगत कराया था, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण बच्चों के आधार कार्ड बनवाने, स्कूल में प्रवेश दिलाने, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने समेत कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान संतोष पटेल अब अपने परिवार के साथ तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।



