
कवर्धा। कवर्धा शहर के मिनीमाता चौक में एक अधेड़ व्यक्ति की अचानक मौत के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना से नाराज मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कवर्धा कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने एक महिला दुकानदार पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रेंगाखार निवासी शिव कुमार वाचकर किसी काम से कवर्धा आया हुआ था। इसी दौरान वह मिनीमाता चौक स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दुकान संचालक महिला से कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने प्लास्टिक की कुर्सी से अधेड़ पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद शिव कुमार अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर महिला दुकानदार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।



