अपराधकुम्हारीछत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईब्रेकिंग न्यूज़

अवैध गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 2 मशीनें और 30 बोरी गुटखा जब्त

कुम्हारी। दुर्ग जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ सेंट्रल GST (वस्तु एवं सेवा कर) इंटेलिजेंस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार को सेंट्रल GST की टीम ने कुम्हारी क्षेत्र के स्टेशन चौक स्थित एक फैक्ट्री/गोदाम में अचानक दबिश देकर अवैध रूप से बनाए जा रहे ‘सितार’ ब्रांड के गुटखे का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान मौके से गुटखा बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली 2 स्वचालित मशीनें और लगभग 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार जब्त की गई सामग्री और मशीनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सेंट्रल GST इंटेलिजेंस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में बिना किसी वैध लाइसेंस और कर भुगतान के गुटखा तैयार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही रविवार को 10 से 12 अधिकारियों की टीम 3 वाहनों में अचानक मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेर लिया। अधिकारियों ने जब गोदाम के भीतर प्रवेश किया, तो वहां गुटखा निर्माण का काम चल रहा था और अंदर एक भट्टी भी बनाई गई थी। टीम ने तुरंत निर्माण कार्य रुकवाया और पूरी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारियों के मुताबिक, जिस गोदाम में यह अवैध कारोबार चल रहा था, उसका मालिक सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है।

GST अधिकारी फिलहाल यह खंगाल रहे हैं कि इस निर्माण और बिक्री के कारोबार में टैक्स चोरी का दायरा कितना बड़ा है तथा नियमों का कितना उल्लंघन किया गया है। गोदाम से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल GST की टीम जब्त की गई दोनों मशीनों, 30 बोरी गुटखा और संबंधित दस्तावेजों को अपने साथ लेकर रायपुर स्थित मुख्यालय के लिए रवाना हो गई है। मामले में GST अधिकारियों का कहना है कि जब्त सामग्री और दस्तावेजों के मिलान तथा मूल्यांकन के बाद टैक्स चोरी की वास्तविक राशि और कानूनी कार्रवाई का पूरा ब्योरा आधिकारिक तौर पर जारी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button