तेज रफ्तार कार बकरी को टक्कर मारकर तालाब में घुसी

दुर्ग। दुर्ग के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिखली इंदिरा नगर इलाके में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार कार एक बकरी को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित होकर तालाब में जा घुसी। हादसे के दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बच्चा भी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार कार में तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर पहले बकरी से टकराई और इसके बाद सीधे तालाब की ओर चली गई। कार के तालाब में पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई। कार सवार तीनों युवक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवकों के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कार कौन चला रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।




