छत्तीसगढ़जगदलपुरराजनीति

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने बिलासपुर हिंसा पर कहा पुलिस को समय रहते स्थिति नियंत्रित करनी चाहिए थी

संभाग स्तरीय सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं जादलपुर

जगदलपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अपने दो दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर पहुंचे हैं। वे 30 अगस्त को गणपति रिसोर्ट में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत में संगठनात्मक प्रशिक्षण से लेकर यूथ कांग्रेस चुनाव और बिलासपुर में हुई हिंसा की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रशिक्षण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसे लगातार जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का पहला मंत्र अधिक से अधिक लोगों से संपर्क बनाना और लोगों के बीच रहना है। जनता के बीच लगातार संपर्क में रहने का संगठन को निश्चित रूप से फायदा मिलता है। श्री सिंहदेव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनसे निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए। इसी उद्देश्य से संगठन में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का महत्व है।

यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव युवाओं का है और इसमें वरिष्ठ नेताओं को भाग नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाईकमान की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि यूथ कांग्रेस के चुनाव में बड़े नेताओं को हस्तक्षेप नहीं करना है। श्री सिंहदेव ने कहा कि इसलिए यूथ कांग्रेस के चुनाव में उनका कोई योगदान या भूमिका नहीं है और वे इस प्रक्रिया से दूर रहेंगे।

बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और पत्थरबाजी की घटना को लेकर टीएस सिंहदेव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना से संबंधित वीडियो और जानकारी देखी है। उन्हें ऐसा प्रतीत हुआ कि घटनास्थल पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नजर नहीं आ रही थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को समय रहते स्थिति को नियंत्रित करने की आवश्यकता थी। किसी भी स्थिति में हिंसा को बढ़ने से रोकना जरूरी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को समय पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button