अपराधछत्तीसगढ़रायगढ़

शराब दुकान में हुई फायरिंग में गार्ड गंभीर रूप घायल

फायरिंग से शराब दुकानों और अहातो की सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल

रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी की देशी कम्पोजिट शराब दुकान में हुई फायरिंग ने शराब दुकानों और अहातों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। पिस्टल लेकर पहुंचे युवक ने निजी सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल को पेट में गोली मार दी। गार्ड ने किसी तरह अहाते के पीछे छिपकर जान बचाई। फायरिंग करने वाला युवक अज्ञात है, लेकिन शराब दुकान और अहाता में कार्यरत कर्मचारियों का मानना है कि 4 युवकों का अहाता में दूसरी पार्टी से विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बात ही उक्त युवक वहां पहुंचा और फायरिंग कर दी। घायल गार्ड चंद्रशेखर पटेल निवासी कलगामुड़ा-उर्दना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में टोपी पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लिए दिखाई दे रहा है। वह मोबाइल पर वीडियो कॉल करता नजर आता है और इसके बाद फायरिंग करता है। उसकी बाइक भी दुकान के पास खड़ी दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी और बाइक की पहचान में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना के चंद्रशेखर पटेल (43) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी स्थित शासकीय देशी कंपोजिट शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता है। चंद्रशेखर ने बताया कि शराब दुकान बंद होने के बाद रात में कुछ असामाजिक तत्व अक्सर वहां आकर गाली-गलौज और हंगामा करते हैं। पहले भी उन्हें कई बार डांटकर वहां से भगाया गया है। उसने बताया कि उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। करीब साढ़े 10 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने आया और अपने दोस्त के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने की बात कहते हुए चंद्रशेखर से भी गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद युवक ने जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टल जैसा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।

जिले में शराब दुकानों के आसपास संचालित अहातों में विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद अहाता संचालकों के लिए सुरक्षा गार्ड रखने की अनिवार्यता नहीं है। शराब दुकान की सुरक्षा के लिए रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक दो गार्ड जरूर लगाए जाते हैं, लेकिन उन्हें हथियार उपलब्ध नहीं कराया जाता। ऐसे में हथियारबंद बदमाश के सामने निहत्थे गार्ड की सुरक्षा कितनी प्रभावी है, यह गेरवानी की घटना ने दिखा दिया।

Related Articles

Back to top button