अपराधछत्तीसगढ़

कलयुगी बेटा माँ- बाप की हत्या कर बोरियों में लाश भरकर लगाने जा रहा था ठिकाने…

सरगुजा। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सपड़ा में एक युवक ने अपने माता-पिता की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर नृशंस हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह दोनों के शवों को बोरी में भरकर उन्हें ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसके भाई को यह बात पता चली तो वह घर आ गया। इसके बाद आरोपी लाश घर में ही छोडक़र फरार हो गया। सूचना पर धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। मंगलवार को पीएम पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

सरगुजा के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सपड़ा निवासी हीराधर यादव 60 वर्ष अपनी पत्नी गुलाबी यादव के साथ सोमवार की दोपहर घर में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके बेटे ने दोनों की पिटाई शुरु कर दी। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी निकाल ली और माता-पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।

कुल्हाड़ी से माता-पिता के सिर, गले व शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट लगने से वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी दोनों के शवों को बोरे में भरकर उन्हें ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था। बोरे में वह शवों को भर चुका था।

इसी बीच आरोपी के भाई व गांव के लोगों को इसकी भनक लग गई। भाई भागते हुए घर आया तो आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद गांव के लोगों ने बोरा खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। घर में जगह-जगह खून के छींटे भी पड़े हुए थे। डबल मर्डर की सूचना आरोपी के भाई ने धौरपुर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर मौके पर जांच की। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

Related Articles

Back to top button