अपराधकांकेरछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़

GST की महिला सहायक आयुक्त अंचला गिरी रिश्वत लेते गिरफ्तार

कांकेर। कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते राज्य जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी और एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में ई-वे बिल से जुड़े मामले में वाहन छोड़ने व राहत दिलाने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार कांकेर निवासी शिकायतकर्ता शोएब रंगरेज ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल से संबंधित प्रकरण में रोके गए वाहन को रिलीज कराने तथा राहत देने के बदले सहायक आयुक्त अंचला गिरी द्वारा 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने 21 नवंबर को ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उनके निवास पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा गया, जिसे बिचौलिए के माध्यम से पहुंचाया गया था। इस मामले में संजय नगर कांकेर निवासी इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है।

ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में तलाशी शुरू करते हुए संपत्ति व संबंधित दस्तावेजों की जांच की। एसीबी के अनुसार अंचला गिरी और इमरान मेमन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा आय से अधिक संपत्ति के पहलू पर भी अलग से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button