
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक युवक ने अपनी बहन, जीजा और एक महिला पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर मची चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस की टीम कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

दरअसल, बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगला के धुरीपारा में चाकूबाजी की घटना हुई। बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने अपने जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहन और मां भी चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल हो गईं, तीनों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार अमूल दूध की गाड़ी चलाने वाले समीर खान ने करीब डेढ़ साल पहले मोहल्ले में ही रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को भगाकर प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के समय युवती नाबालिग थी, जिसके कारण समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से छूटने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बना हुआ था। गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मज़ार से लौट रहा था।
रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया और दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बहस बढ़ने के बाद गुस्से में आए ओमप्रकाश ने समीर के घर पहुंचकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे समीर के सीने, हाथ और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी सनाया और सास शाहिस्ता अली भी चाकू के हमले में घायल हो गईं।

घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।



