
बिलासपुर। लोग डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप मानते हैं, लेकिन बिलासपुर में एक महिला डॉक्टर ने अपने पेशे की मर्यादा को ही तोड़ दिया। आरोप है कि डॉक्टर होने के बावजूद उसने जानबूझकर गलत कृत्य को अंजाम दिया और दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग का गर्भपात कर दिया। तोरवा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान पुलिस की नजर अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर सुभदा मसीह पर गई।पुलिस का दावा है कि डॉक्टर को अच्छी तरह पता था कि पीड़िता नाबालिग है। डॉक्टर होने के नाते उसकी जिम्मेदारी थी कि वह इलाज के साथ-साथ तुरंत पुलिस को सूचना देती और कानून के मुताबिक कदम उठाती। लेकिन आरोप है कि उसने इसके उल्टा किया। आरोप है कि डॉक्टर ने नाबालिग का गर्भपात किया और फिर सबूत मिटाने के लिए भ्रूण को अरपा नदी में फेंक दिया। साथ ही पूरी घटना की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी।
पुलिस का कहना है कि एक डॉक्टर से समाज को सही सलाह, सही इलाज और कानून की मदद की उम्मीद होती है। लेकिन यहां डॉक्टर ने ही कानून तोड़ने में मदद कर दी। इसीलिए पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तोरवा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



