अपराधछत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईब्रेकिंग न्यूज़

रुपए के लेनदेन को लेकर CAF जवान का अपहरण, भिलाई निवासी आरोपी महिला अपने ड्राइवर के साथ गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में 11 लाख रुपये के लेन देन के विवाद में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के एक जवान का अपहरण कर उसे बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। जवान ने किसी तरह घटना की सूचना मोबाइल के माध्यम से अधिकारियों को दी। मामले में पुलिस ने महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खैरागढ़ निवासी सीएएफ के जवान विजयशील की रायगढ़ में पोस्टिंग हैं।गिरफ्तार आरोपितों का नाम हरजिंदर कौर(47) और कृष्ण कुमार सिन्हा बताया गया है। घटना सोमवार शाम की बताई गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रायगढ़ की छठवीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक विजयशील ने कोहका निवासी हरजीत कौर से 11 लाख रुपये उधार लिए थे। आरक्षक रकम वापसी के नाम पर महिला को बार-बार घूमा रहा था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरक्षक विजयशील रविवार को अपने घर खैरागढ़ से दुर्ग पहुंचा था। इस दौरान हरजीत कौर ने फोन कर उसे दुर्ग बस स्टैंड बुलाया। वहां मुलाकात के बाद महिला ने नाश्ता कराने के बहाने आरक्षक को अपने कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास एक कॉलोनी के मकान में रखा गया। यहां उसके साथ मारपीट की गई और स्टाम्प पेपर पर लिखा-पढ़ी कराई गई।
जवान किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहा। इसके बाद उसने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। जवान ने अपने यूनिट के अधिकारियों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। दुर्ग पुलिस ने रातभर जवान की तलाश की। सुबह पुलिस ने जवान को खोज निकाला।

जवान की शिकायत के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने हरजिंदर कौर और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध क्रमांक 899/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 251, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जवान के साथ हुई मारपीट, कथित अपहरण और स्टाम्प पेपर पर कराई गई लिखापढ़ी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला कोहका भिलाई निवासी हरजिंदर कौर को शहर के एक ट्रांसपोर्टर की दूर की रिश्तेदार बहन बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। पुलिस अब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन और जवान को कथित रूप से बंधक बनाए जाने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल जवान की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button