दुर्ग-भिलाई में जल्द शुरू होने जा रही हैं 50 ई-बसें, विभिन्न मार्गो के लिए ई बसों की संख्या का हुआ निर्धारण

दुर्ग। दुर्ग जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी ने 50 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए प्रस्तावित रूट चार्ट तैयार कर राज्य सरकार को अनुमति के लिए भेज दिया है। शासन स्तर से अधिसूचना जारी होते ही इन निर्धारित मार्गों पर ई-बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी तकनीकी अड़चन बसों के चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंचाने की थी। चार्जिंग पॉइंट तक बिजली लाइन ले जाने के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे से केबल क्रॉस कराने की अनुमति आवश्यक थी, जो अब मिल चुकी है। सीएसपीडीसीएल (CSPDCL) पहले ही बिजली पोल लगाने और तार बिछाने का काम पूरा कर चुका था। रेलवे से अनापत्ति मिलने के बाद यह मुख्य रुकावट समाप्त हो गई है। रेलवे से मंजूरी मिलने के बाद अब केवल प्रशासनिक नोटिफिकेशन का इंतजार है। सरकार की मुहर लगते ही बसों की समय-सारिणी तय की जाएगी। तैयार किए गए प्रस्तावित रूट चार्ट में दुर्ग और भिलाई के शहरी क्षेत्रों के अलावा रायपुर, नया रायपुर, माना एयरपोर्ट और जिले के ग्रामीण व कस्बाई इलाकों को सीधे जोड़ा गया है।

प्रस्तावित योजना के तहत दुर्ग रेलवे स्टेशन से पाटन के बीच सबसे ज्यादा 7 बसों का संचालन होगा। इसके अलावा दुर्ग रेलवे स्टेशन से कचांदुर, रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर के लिए 5-5 बसें प्रस्तावित की गई हैं। वहीं दुर्ग बस स्टैंड से बेरला के बीच भी 5 बसें चलाई जाएंगी। अन्य मार्गों की बात करें तो दुर्ग से उतई के बीच 4 बसें, दुर्ग से साजा और गंडई के बीच 3-3 बसें, पावर हाउस बस स्टैंड के लिए 2 बसें और चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल के लिए 2 बसों का संचालन होगा। इसके साथ ही दुर्ग स्टेशन से उतई के बीच अलग रूट पर 4 बसें चलाने का प्रस्ताव शामिल है।
प्रस्तावित ई-बस रूट चार्ट
क्रमांक रूट प्रस्तावित ई-बसें
1 दुर्ग रेलवे स्टेशन से पाटन 7
2 दुर्ग रेलवे स्टेशन से कचांदुर 5
3। दुर्ग रेलवे स्टेशन से रायपुर बस स्टैंड 5
4 दुर्ग रेलवे स्टेशन से माना एयरपोर्ट 5
5 दुर्ग रेलवे स्टेशन से नया रायपुर 5
6 दुर्ग बस स्टैंड से बेरला 5
7 दुर्ग से उतई 4
8 दुर्ग से साजा। 3
9 दुर्ग से गंडई 3
10 दुर्ग से पावर हाउस बस स्टैंड। 2
11 दुर्ग से चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल। 2
12 दुर्ग रेलवे स्टेशन से उतई (अलग रूट) 4

ई-बसों के संचालन से दुर्ग-भिलाई और रायपुर के मुख्य रेलवे स्टेशनों से माना एयरपोर्ट, नया रायपुर और मंत्रालय तक सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। इसके अलावा पाटन, उतई, बेरला, साजा और गंडई जैसे कस्बाई व ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।



