अपराधछत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईभिलाई - 3

सीबीआई ने भिलाई रेलवे के पीपी यार्ड में दबिश देकर सीनियर डीएमई को रंगे हाथ धरदबोचा

नया ठेका दिलाने और पुराना बिल पास कराने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप

भिलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर अंतर्गत रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित पीपी यार्ड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ( सीबीआई ) ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सीबीआई की टीम ने भ्रष्टाचार के मामले में यहां पदस्थ सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर अनमोल उइके के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद कार्यालय में अचानक दबिश दी। सीबीआई ने अनमोल उइके को नजरबंद रखते हुए कार्यालयीन कक्ष में दस्तावेज और डिजीटल साक्ष्य खंगालना शुरू किया।

सूत्रों के अनुसार, रेलवे ठेकेदार दीपक वर्मा ने सीनियर डीएमई अनमोल उइके पर ठेके पर नए काम देने और पुराने काम के बकाया बिलों के भुगतान को मंजूरी देने के एवज में मोटी रकम रिश्वत के रूप में मांगने का आरोप लगाया था। परेशान ठेकेदार ने इसकी सीधी शिकायत सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से की। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने प्राथमिक सत्यापन कराया और मामला सही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भिलाई में स्थित पीपी यार्ड कार्यालय में गुरुवार को शाम 5 बजे छापा मारा।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के लिए 10 अधिकारियों की टीम यहां पहुंची। सीबीआई के अधिकारी जिन वाहनों में पहुंचे हैं वे दिल्ली के अलावा रायपुर व दुर्ग पासिंग हैं। सीबीआई की टीम ने देर शाम से ही सीनियर डीएमई अनमोल उइके को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान उनके कार्यालय कक्ष को कवर में लेकर संबंधित फाइलें, बिल रिकॉर्ड, टेंडर से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन के रजिस्टर खंगाले जा रहे हैं। कार्यालय में पदस्थ अन्य अधिकारियों के डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल रिकॉर्ड्स की भी तकनीकी जांच की जा रही है।

भिलाई के चरोदा पीपी यार्ड में सीबीआई की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही रायपुर रेल मंडल और संपूर्ण रेलवे प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। रेलवे ठेकों और बिल पास कराने की प्रक्रिया में चल रहे भ्रष्टाचार पर सीबीआई की इस सख्त कार्रवाई से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हड़कंप का माहौल है। मामले में आधिकारिक बयान और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।


गौरतलब रहे कि रेलवे के पीपी यार्ड में भिलाई इस्पात संयंत्र में आयरन ओर एवं कोक तथा एनएसपीसीएल में कोक लेकर आने वाली मालगाड़ियों के रैक की अनलोडिंग के बाद नियमित जांच की जाती है। वैगन में तकनीकी खराबी और टूट फूट की यहां रिपेयरिंग की जाती है। यह सारा काम ठेके पर चलता है। बताते हैं दीपक वर्मा नाम का शख्स पीपी यार्ड में ठेके पर काम लेता है। कथित तौर पर दीपक वर्मा ने ही सीबीआई में सीनियर डीएमई अनमोल उइके के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत सही पाए जाने पर सीबीआई की टीम ने केमिकल युक्त नोटों से भरे लिफाफे के साथ दीपक वर्मा को अनमोल उइके के पास भेजा। लिफाफे हाथ में लेते ही सीबीआई की टीम ने अनमोल उइके के कार्यालय में दबिश दी और हाथ धुलवाए तो केमिकल रंग छोड़ने लगा।

Related Articles

Back to top button