
कवर्धा। कबीरधाम जिले में नकली नोट तैयार कर उन्हें असली बताकर खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बोडला थाना क्षेत्र की चौकी पोंडी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और प्रकरण में जब्त सामग्री को मिलाकर कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी कार भी पुलिस ने जब्त की है।

मामले की शुरुआत ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत से हुई। पुलिस के मुताबिक, दिनेश ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया और 9 अगस्त की रात ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास रकम लेने के लिए बुलाया।

दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले बैग में रकम सौंपी। जब नोटों की जांच की गई तो उनकी असलियत पर संदेह हुआ। बैग खोलने पर 500 रुपये के नोटों के रूप में 4.50 लाख रुपये की नकली करेंसी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में खपाने की बात बताई।
सतीश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी जुलाई 2026 से मिलकर नकली नोट तैयार करने का काम कर रहे थे। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने नए बस स्टैंड के पास एक किराए का कमरा लिया था। इसी जगह पर कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा गया था, जिसके बाद जाली करेंसी तैयार करने का सिलसिला शुरू हुआ। तैयार नकली नोटों को असली रकम के तौर पर चलाने की योजना बनाई गई थी। इसी कड़ी में उधारी की रकम वापस करने के नाम पर शिकायतकर्ता को भी नकली नोट सौंपे गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में नकली करेंसी जब्त की है।
– सतीश कुमार के पास से 2 लाख रुपये के नकली नोट बरामद।
– रामप्रसाद उर्फ रमऊ के पास से 4.50 लाख रुपये के नकली नोट, एक मोबाइल फोन, एक प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और टाटा पंच ईवी कार जब्त।
– घुरवा राम के पास से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद।
– शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को सौंपे गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोट भी जब्ती में शामिल हैं।

इस तरह पूरे मामले में कुल 12.50 लाख रुपये की नकली करेंसी जब्त की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितनी मात्रा में नकली नोट तैयार किए और इन्हें किन-किन स्थानों पर खपाया गया। साथ ही नकली नोट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई में साइबर थाना कबीरधाम के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, चौकी पोंडी प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव, सउनि चंद्रकांत तिवारी, आशीष सिंह, संजीव तिवारी, प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू, अभिनव तिवारी, ओम प्रकाश पटेल, खूबी साहू सहित आरक्षक संदीप शुक्ला, गज्जू ठाकुर, पूरनदास डाहिरे, देवेंद्र चतुर्वेदी, सोमेंद्र शर्मा और सतखोजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



