छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़रायपुरशिक्षा

एक ही परिवार की 3 बहनों ने NEET में रचा इतिहास, डिप्टी CM विजय शर्मा ने घर पहुंचकर दी बधाई

कबीरधाम के नेउर गांव की किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा की उत्तीर्ण

रायपुर । कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तीनों की इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नेउर गांव पहुंचकर छात्राओं से उनके घर पर मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं के माता-पिता भगवती महोबिया और राम महोबिया सहित परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना बेहद गौरव की बात है। यह उपलब्धि परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र और जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने छात्राओं से उनकी स्कूली शिक्षा, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने तीनों छात्राओं को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन से पढ़ाई करने और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने की शुभकामनाएं दीं।

डॉक्टर बनकर समाज की सेवा का संदेश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करें। साथ ही अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखें और अपनी शिक्षा का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button