रिसाली नगर निगम में महिला सुरक्षा पर कार्यशाला, ICC की प्रक्रिया समझाई गई
शिकायत गोपनीय रहेगी
रिसाली। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और शिकायत निवारण को लेकर रिसाली नगर निगम के सभागार में एक कार्यशाला आयोजित की गई। आयुक्त मोनिका वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्यशाला में मेरी भागीदारी संस्था की निशा देशमुख और अमोल मालुसरे ने आंतरिक परिवाद समिति (ICC) के गठन, उसकी भूमिका और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान निशा देशमुख ने बताया कि कार्यस्थल पर महिला और पुरुष दोनों की समान भागीदारी है, लेकिन कई बार महिलाएं सामाजिक दबाव या पहचान उजागर होने के डर से शिकायत नहीं कर पातीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ICC में दर्ज शिकायत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, इसलिए शिकायतकर्ता की पहचान सार्वजनिक होने का कोई खतरा नहीं होता।

उन्होंने यह भी बताया कि कार्यस्थल पर उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष कर्मचारी भी समिति के समक्ष रख सकते हैं। कर्मचारियों को उनके अधिकारों, उपलब्ध संरक्षण और शिकायत प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया।
समिति खुद भी ले सकती है संज्ञान
निशा देशमुख ने कहा कि आंतरिक परिवाद समिति का दायरा केवल लिखित शिकायतों तक सीमित नहीं है। यदि किसी घटना की जानकारी समिति को किसी अन्य माध्यम से मिलती है, तो वह स्वतः संज्ञान लेकर मामले की सुनवाई कर सकती है। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई अन्य व्यक्ति भी शिकायत प्रस्तुत कर सकता है, बशर्ते आवश्यक तथ्य और प्रमाण उपलब्ध हों।

दोष सिद्ध होने पर कार्रवाई संभव
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वेतनवृद्धि रोकना, निलंबन या बर्खास्तगी जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा शामिल हो सकती है। अंतिम निर्णय नियमानुसार नियोक्ता द्वारा लिया जाता है।
कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण, शिकायत निवारण व्यवस्था और महिला सम्मान से जुड़े प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।



