छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़विविध समाचार

कांकेर में भालू का तांडव: भाई-बहन समेत 3 की मौत, तीन ग्रामीण गंभीर घायल

खेत में काम कर रहे भाई-बहन पर किया जानलेवा हमला, शवों के पास देर तक मंडराता रहा भालू; वन विभाग पर लापरवाही के आरोप।

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले ने बुधवार को तीन लोगों की जान ले ली। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला में खेत में काम कर रहे हलाल जुर्री (45) और उनकी बहन खोरीन बाई (40) पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में तीन अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

इसी दिन जिले के एक अन्य क्षेत्र में भी भालू के हमले में एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में भालू के हमले से मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला करने के बाद भालू काफी देर तक दोनों शवों के पास मौजूद रहा और उन्हें नोचता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण खेतों व जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि भालू के असामान्य व्यवहार की सूचना पहले ही वन विभाग को दी गई थी। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले इसी भालू ने अपने शावक को भी मार डाला था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल और खेतों में अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button