छत्तीसगढ़दुर्ग- भिलाईविविध समाचार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण

भिलाई। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग रेंज के नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण एवं दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान – नशा मुक्ति’ का शुभारंभ किया गया। दोनों पहल साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को त्वरित सहायता तथा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण कार्ययोजना का हिस्सा हैं।

24 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय द्वारा महिला थाना सेक्टर-06, भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, दुर्ग के भवन का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा नवीन भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश अंकित किया तथा रोजनामचा में भी कार्यक्रम की प्रविष्टि की।

नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले तीन जिलों दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा तक विस्तारित है। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण तथा जटिल साइबर अपराधों की विवेचना की जाएगी। इसके साथ ही साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग पुलिस के नशामुक्ति अभियान ‘संकल्प अभियान’ का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया गया। नशे की समस्या का प्रभाव केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज एवं युवा पीढ़ी के भविष्य को भी प्रभावित करती है। इस समस्या के समाधान के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की गई है। इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्र अ रुण साव, मंत्री स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग गजेंद्र यादव तथा सांसद दुर्ग विजय बघेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ललित चंद्राकर, उपाध्यक्ष राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग रिकेश सेन, विधायक वैशाली नगर, खादी ग्राम उद्योग के अध्यक्ष राकेश पांडेय , पूर्व विधायक लाभचंद बाफना , जिला पंचायत के अध्यक्ष सरोजनी बंजारे, तथा कमिश्नर सत्यनारायण राठौर पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य दुर्ग रेंज, जिला दंडाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल एवं अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button