अपराधछत्तीसगढ़राजनांदगांव

CM विजय थलापति का PA बनकर 87 हजार रुपये की साइबर ठगी

राजनांदगांव। राजनांदगांव में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात ठग ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति का निजी सहायक (PA) बताकर एक युवक को 6 गुना मुनाफे का लालच दिया और उससे 87 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए एक ऐप तैयार कर युवक को निवेश करने के लिए कहा था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

क्राइमब्रांच डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरेगांव के रहने वाले पवन टंडन से एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति का PA बताया और अपनी पहचान का भरोसा दिलाकर युवक को अपने झांसे में लिया। इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक ऐप तैयार किया और युवक को इसके जरिए निवेश करने का ऑफर दिया।

आरोपी ने पवन टंडन को बताया कि वह इस बिजनेस में जितनी रकम लगाएंगे, उन्हें उतना ही अधिक मुनाफा मिलेगा। साथ ही, 87 हजार रुपये निवेश करने पर छह गुना रकम वापस मिलने का लालच दिया गया। मुनाफे की उम्मीद में पवन टंडन आरोपी के झांसे में आ गए और ऐप के माध्यम से 87 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, रकम जमा करने के बाद उन्हें वादे के मुताबिक पैसा नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। ठगी का शिकार होने के बाद पवन टंडन ने बसंतपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले की जानकारी राजनांदगांव क्राइम ब्रांच के डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किस तरह फर्जी पहचान और ऐप के जरिए युवक को अपने जाल में फंसाया।

Related Articles

Back to top button