छत्तीसगढ़जामुलदुर्ग- भिलाईविविध समाचार

शारीरिक दिव्यांगता सफलता की राह में बाधा नहीं, मजबूत इच्छाशक्ति से हर मंजिल हासिल की जा सकती है : इंद्रजीत सिंह

भिलाई। सर्वधर्म सेवा संस्था के अध्यक्ष प्रतीक भोई एवं महासचिव राकेश रत्नाकर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस ( 26 वें ) के अवसर पर जामुल स्थित दिव्य ज्योति निःशुल्क आवासीय विद्यालय में दृष्टिबाधित बच्चों के साथ हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में स्थापना दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के संरक्षक इंद्रजीत सिंह (छोटू भैया) का प्रेरणादायी संबोधन रहा। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के दौर में शारीरिक दिव्यांगता सफलता की राह में बाधा नहीं है। यदि व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो वह किसी भी मुकाम तक पहुंच सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज ऐसे खिलाड़ी भी देश के लिए पदक जीत रहे हैं, जिनके हाथ या शरीर के कुछ अंग नहीं हैं। अनेक दिव्यांगजन आईएएस एवं अन्य उच्च पदों पर पहुंचकर देश और समाज की सेवा कर रहे हैं। तैराकी, घुड़सवारी और पर्वतारोहण जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी व्यक्ति की प्रतिभा और सपनों को सीमित नहीं कर सकतीं। सबसे महत्वपूर्ण है मन का मजबूत होना, सकारात्मक सोच रखना और स्वयं को कभी कमजोर नहीं समझना। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक ईश्वर भक्ति गीत एवं छत्तीसगढ़ महतारी वंदन गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक इंद्रजीत सिंह द्वारा विद्यालय के 50 बच्चों के लिए हॉटपॉट टिफिन भेंट किए गए तथा बच्चों के बीच बिस्कुट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों, संस्था पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक स्वर में छत्तीसगढ़ को प्रदूषण मुक्त बनाने, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने तथा समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता को निरंतर मजबूत करने का संकल्प लिया। सभी ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और भाईचारे से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ का निर्माण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष प्रतीक भोई ने किया तथा अंत में महासचिव राकेश रत्नाकर ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से कहा गया कि छत्तीसगढ़ 26 वें स्थापना दिवस केवल राज्य के गौरव का उत्सव नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, सेवा, समानता और भाईचारे के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। सर्वधर्म सेवा संस्था इन मानवीय एवं सामाजिक मूल्यों को लेकर निरंतर कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में जामुल वार्ड पार्षद श्रीमती कविता बिस्वाल् व दीपक गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा संस्था के सदस्य घनश्याम पांडे, रघुवंश सैनी, वसंत सलंकर, मुरली कृष्ण, मनमोहन सिंह, रविंद्र, शेषादरी, श्रीमती निर्मला रत्नाकर, श्रीमती अरुणा शर्मा, कमल कुमार भोई, श्रीमती ज्योति भोई, विलास कुमार मेश्राम सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button